सामुदायिक पोषण वाटिका से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं

छतरपुर। बिजावर जनपद क्षेत्र की 10 पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत शासकीय भूमि में सामुदायिक पोषण वाटिका का संचालन समूह की महिलाओं के द्वारा किया जा रहा है। जिसमें कुपोषण को दूर किया जा सके और ताजी हरी सब्जियां और फल महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध हो सके।


खाद्य एवं पोषण सुरक्षा कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग जर्मन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा किया जा रहा है। परमार्थ समाजसेवी संस्थान द्वारा चल रहे कार्यक्रम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनको प्रोत्साहित करने के लिए शासन स्तर से भी उनकी मदद की जा रही है। इसी कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चंद्र और जनपद सीईओ बिजावर अखिलेश कुमार उपाध्याय बिजावर पहुंचे और उन्होंने सेहला कुशवाहा, लाली कुशवाहा सहित लखनगुंआ की कई महिलाओं से बातचीत की। अधिकारियों ने उनसे जानकारी ली साथ ही प्रोत्साहित भी किया। गांव में कई फलदार पौधे और छायादार पौधों का रोपण भी किया गया। इसके साथ कई पौष्टिक सब्जियां भी लगाई गईं। कार्यक्रम के सतत संचालन से कई महिलाएं जागरूक और आत्मनिर्भर हो रही हैं।