रतलाम / सोने के भाव ने सोमवार को नए रिकॉर्ड छू लिए और भाव 43 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गए। सराफा बाजार में पहली बार इस भाव में सोना बिका है। कारोबारियों के मुताबिक दुनियाभर के निवेशकों का रुझान सोने की तरफ बढ़ने से सोने के भाव अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। यह तेजी आगे भी बनी रहेगी और आगे भी भाव तेज ही रहेंगे। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को सराफा बाजार खुला। बाजार खुलने के साथ ही सोने के भाव में तेजी आई और भाव 43,000 रुपए प्रति दस ग्राम पहुंच गए। इसके बाद भाव में उतार चढ़ाव जारी रहा। शाम को इसके भाव 43,700 रुपए प्रति दस ग्राम रहे। सोने के दाम में एक सप्ताह में 2000 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी आई है। 17 फरवरी को दाम 41,200 रुपए प्रति दस ग्राम थे जो 43,700 रुपए प्रति दस ग्राम पहुंच गए। अभी शादियों का सीजन चल रहा है। इससे सबसे ज्यादा असर शादी वाले परिवारों को हो रहा है व उन्हें महंगा सोना खरीदना पड़ रहा है। सराफा व्यापारी अनिल कटारिया के मुताबिक भाव में तेजी यहीं थमने वाली नहीं है। अगले एक महीने में सोना 46 हजार रुपए प्रति दस ग्राम बिकेगा। वहीं धनतेरस पर यह 48 हजार रुपए बिकेगा। जनवरी 2021 तक 50 हजार पार होंगे।
एक सप्ताह में उछाल
17 फरवरी | 41,200 रुपए |
18 फरवरी | 41,400 रुपए |
19 फरवरी | 41,850 रुपए |
20 फरवरी | 42,150 रुपए |
21 फरवरी | 42,900 रुपए |
24 फरवरी | 43,700 रुपए |
इसलिए महंगा हो रहा है सोना
कोरोना वायरस की वजह से ग्लोबल ग्रोथ की चिंता बढ़ना।
सोना सुरक्षित निवेश होने से मांग बढ़ना।
सेंट्रल बैंकों की खरीदारी आगे बढ़ने का अनुमान
इस साल फेड दरों में स्थिरता के संकेत
ग्लोबल राजनीतिक संकट से सपोर्ट संभव
रुपए की कमजोरी से तेजी ज्यादा
शादियों की मांग और आगामी दिनों में अक्षय तृतीया पर मांग बनी रहेेगी
अब आगे क्या -सराफा एसो. सदस्य कीर्ति बड़जात्या ने बताया रतलाम के सराफा बाजार के इतिहास में पहली बार सोना इस भाव बिका है। दाम में आगे भी उतार-चढ़ाव रहेगा। सराफा व्यापारी गोपाल सोनी ने बताया दुनिया में सोने में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। इससे भाव लगातार बढ़ रहे हैं।
चांदी के भाव भी 49 हजार रुपए प्रति किलो पहुंची - सोने के साथ चांदी के दाम में भी तेजी का रुख है। सोमवार को इसके दाम में 800 रुपए प्रतिकिलो की तेजी आई और दाम 49 हजार रुपए प्रतिकिलो पहुंच गए।