दतिया। पुलिस कर्मियों को मधुमेह से बचाव के लिए पुणे महाराष्ट्र के अनुयश फाउंडेशन द्वारा दतिया जिले के सभी 23 शहरी व ग्रामीण थानों में पदस्थ अधिकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण आज किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे पुलिस लाइन परिसर में होगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए ग्वालियर संभाग के मिशन समंवयक हेमंत शिंदे ने बताया कि पुलिस कर्मचारी अपनी सेवाओं की व्यस्तताओं के चलते स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते है। असमय रोगों का शिकार हो जाते हैं। उनके स्वास्थ्य की परवाह करते हुए अनुयश फाउंडेशन द्वारा मधुमेह परीक्षण परियोजना चलाई जा रही है।
इसके तहत मधुमेह मुक्त भारत अभियान के प्रणेता राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित डॉ. रविन्द्र नांदेडकर द्वारा लगातार मधुमेह रोगियों का उपचार किया जा रहा है। दतिया में स्टेशन रोड पर फाउंडेशन के निःशुल्क क्लिनिक पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक फ्री आयुर्वेद इलाज किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस कर्मियों का थाने में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।