रतलाम / सालों से उपेक्षित राज परिवार की संपत्तियों की हालत देखने के लिए 60 साल बाद जर्मनी निवासी लक्ष्मी कुमारी राठौर 5 मार्च को रतलाम आ रही हैं। लक्ष्मी कुमारी महाराजा सज्जन सिंह की पोती और रणवीर सिंह की बेटी हैं। लक्ष्मी कुमारी के साथ उनके बेटे मार्क बर्गर भी आएंगे। मार्क 21 मई 2019 को यहां आए थे। दोनों पांच दिन यहां रुकेंगे। वे रणजीत विलास पैलेस (महलवाड़ा), रत्नेश्वर शिव बाग, लक्ष्मी विलास पैलेस (वर्तमान में हकीम हाउस, गुलाब चक्कर के पास) जाएंगे। इसके साथ सैलाना सहित आसपास रहने वाले राज परिवार के लोगों और कलेक्टर से मुलाकात करेंगे। बता दें कि लक्ष्मी कुमारी सालभर पहले राज परिवार की संपत्तियों को लेकर कोर्ट में दावा लगा चुकी हैं।
6 साल की थीं तब आई थीं रतलाम, रणवीर सिंह की 2011 में हो गई थी मृत्यु
राजपरिवार के सदस्य दिग्विजय सिंह राठौर (बड़छापरा) ने बताया इसके पहले लक्ष्मी कुमारी 1960 में पिता रणवीर सिंह राठौर और माता एलिजाबेथ ईस्टन कूपर के साथ आई थीं। उस समय वे सिर्फ 6 साल की थी। काफी दिनों तक लक्ष्मी निवास पैलेस में रही थीं। इसलिए लक्ष्मी निवास पैलेस जाकर बचपन की यादें ताजा करना चाहती हैं। इस दौरान रणवीर सिंह की मृत्यु के बाद अंतिम क्रिया करने वाले शिवराज सिंह (बड़ छापरा) से भी मिलेंगी। रणवीर सिंह की 2011 में भारत भ्रमण के दौरान मृत्यु हो गई थीं।
पिछले साल 3 दिन रहे थे मार्क
आखिरी शासक लोकेंद्र सिंह के छोटे भाई रणवीर सिंह के जर्मनी निवासी नाती मार्क बर्गर मई 2019 में रतलाम आए थे। 3 दिन में मार्क ने महलवाड़ा, कुलदेवी नागणेचा माता मंदिर, कैक्टस गार्डन, सरवन, कनेरी, शिवगढ़ शिव बाग का भ्रमण किया था। तब मार्क ने महलवाड़ा की खराब हालत देख बचाने का प्रयास करने की बात कही थी।