छतरपुर। जिले के नवागत कलेक्टर शीलेंद्र सिंह प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुद्ढ़ करने के लिए सतत दौरे पर हैं। बड़ामलहरा का भ्रमण करने के बाद उन्होंने जिला मुख्यालय के एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को फटकार भी लगाई।
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने गुरूवार को दोपहर बाद एसडीएम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तो कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। लगभग दो घंटे तक एसडीएम कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन करने के बाद उन्होंने कर्मचारियों से तहसील संबंधी कार्यों काी जानकारी ली और समय सीमा में राजस्व के कार्यों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ लापरवाह कर्मचारियों को फटकार भी लगाई गई। यहां आए फरियादियों से भी कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने बात की और अधीनस्थों को निर्देशित किया कि आमजनता के काम समय पर नहीं हुए तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।